वाराणसी। स्वच्छ भारत मिशन योजना के अंतर्गत स्वच्छता को बढ़ावा देते हुए छावनी परिषद भी अपने क्षेत्र से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट करसड़ा से जुड़ गया। सोमवार को छावनी के डंपिंग ग्राउंड से कूड़े से भरे वाहन को हरी झंडी दिखाकर परिषद के अध्यक्ष ब्रिगेडियर हुकुम सिंह बैंसला ने रवाना किया।
छावनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अभिमन्यु सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद इस कार्य को अंजाम देने के लिए पंद्रह दिन पूर्व नगर आयुक्त से मुलाकात करने साथ पत्र भी दिया था। इस पर नगर आयुक्त से सहमति पत्र मिलते ही बोर्ड के अध्यक्ष से मिल कर इस मुहिम को अंजाम तक पहुंचाने का काम हुआ। छावनी के इस प्रयास से आसपास रहने वाले लोगों को बड़ी समस्या से निजात मिलेगी। इस कार्य के लिए प्रति टन कूड़े के निस्तारण पर छावनी को तीन हजार रुपये से अधिक का अतरिक्त खर्च उठाना पड़ेगा। इस मौके पर निर्वाचित सदस्यों के अलावा कर्मचारीगण उपस्थित रहे।