वाराणसी। बीरभानपुर में अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद रोहनिया थाना क्षेत्र के पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई जारी है। मंगलवार को एसएसपी ने राजातालाब चौकी प्रभारी बृजेश कुमार राय और रोहनिया थाने के चार सिपाहियों सहित दस पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इसके साथ ही छह चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में तब्दीली की गई।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि राजातालाब चौकी पर दरोगा सहित 16 पुलिसकर्मी तैनात थे। इन सभी को लाइन हाजिर कर नए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसी तरह से पशु तस्करी और अवैध शराब कारोबार में पुलिस की जहां भी संलिप्तता नजर आएगी उन्हें थानों और चौकी पर तैनात नहीं रहने दिया जाएगा। ऐसे पुलिसकर्मियों को सूचीबद्ध किया जा रहा है और उनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई होगी।