बीएचयू में एमएससी (कृषि) प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद छात्र-छात्राओं ने परीक्षा पर सवाल उठाया है। विद्यार्थियों ने करीब 50 विद्यार्थियों को एक समान नंबर मिलने पर सवाल उठाया है। शिकायत करने वालों ने इसे सामूहिक नकल बताते हुए मांग की है कि परीक्षा को निरस्त कर इसे दोबारा कराई जाय। शनिवार को कृषि विज्ञान संस्थान निदेशक कार्यालय में पहुंचे अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि भुवनेश्वर के एक केंद्र पर धांधली हुई है। इस कारण इसे निरस्त किया जाय।
प्रवेश परीक्षा में शामिल करीब बीस से अधिक अभ्यर्थियों ने कहा कि इसके पहले 2015-16 में भी इसी तरह की गड़बडि़यां हुईं थीं, जिस पर आवाज उठाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी। इस बार भी कुछ इसी तरह का मामला है। अपनी शिकायत पत्र के साथ ही विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा परिणाम की एक प्रति भी दी है, जिसमें कई छात्रों को समान नंबर मिले हैं। इस संबंध में परीक्षा नियंता मनोज पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया छात्रों का आरोप निराधार है। इसकी जानकारी संबंधित संस्थान को भी भेज दी गई है।