भदोही। विद्युत विभाग उपभोक्ताओं के लिए शुक्रवार से अंतिम विकल्प योजना की शुरूआत करने जा रहा है। इसके तहत लोग एक हजार रुपये जमा कर विभाग में अपना पंजीकरण कराएंगे। गुरुवार को अधीक्षण अभियंता निसार अहमद ने भदोही और ज्ञानपुर के अधिशासी अभियंताओं और अधिकारियों के साथ बैठक कर अंतिम रूप दिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि रमजान में लोगों को 22 घंटे बिजली मुहैया कराई जाएगी।
बैठक में माहे रमजान के दौरान विद्युत आपूर्ति के बारे में अधीक्षण अभियंता ने विचार विमर्श किया। अधिकारियों को बताया कि सरकार रमजान में लोगों को 22 घंटे बिजली मुहैया कराने के प्रति गंभीर है। इस दौरान सरकार द्वारा चलाई जा रही सौभाग्य योजना के शत प्रतिशत क्रियान्वयन के बारे में चर्चा की। कहा कि भदोही और ज्ञानपुर क्षेत्र में 8-8 गांव चिह्नित हैं। वहां सौभाग्य योजना के तहत विद्युतिकरण कराया जाना चाहिए। ब्याज माफी योजना के बारे में उन्होंने कहा कि बकायादारों को ब्याज माफी का एक और अवसर दिया जा रहा है। इसे अंतिम विकल्प नाम दिया गया है। जो उपभोक्ता इससे चूकेंगे उन्हें पुन: लाभ नहीं मिल पाएगा। यह योजना 30 जून तक चलेगा। रमजान में फाल्ट का त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया और यह भी कहा कि 22 घंटे आपूर्ति दी जाए। बैठक में ज्ञानपुर एक्सईएन अमर सिंह, भदोही एक्सईएन राम कुमार के अलावा एसडीओ गोविंद प्रसाद उपस्थित रहे।