ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के असनाव में नट बस्ती के समीप शुक्रवार को नौटंकी कलाकारों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे उस पर सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद खलबली मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के मल्लूपुर गांव के एक वैवाहिक कार्यक्रम में नौटंकी कलाकार आए थे। रात में कार्यक्रम करने के बाद सुबह कलाकार पिकअप वाहन से लौट रहे थे। सुबह साढ़े सात बजे के आसपास असनाव मोड़ के समीप तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें इलाहाबाद के हंडिया थाना क्षेत्र के निभीथरिया उतरांव निवासी भोला गौतम (40) और राजकुमार (38) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पिकअप में सवार इलाहाबाद के उतरांव निवासी अनिल कुमार (18), पप्पू (38), सुभाष (32), अमन (15), रामलाल यादव (70), अमरचंद्र (40), मन्नी लाल पटेल (50) समेत 10 लोग घायल हो गए। इनमें चार लोगों को ज्यादा चोटें आईं। घायलों की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उन्हें किसी तरह जिला अस्पताल पहुंचाया। मामूली रूप से घायल कुछ लोग घटना के बाद चले गए। हादसे की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में भीड़ जुट हो गई। उधर, कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।