जिले के लंका, रोहनिया, शिवपुर, चोलापुर, मिर्जामुराद और रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए सड़क हादसों में दो युवकाें की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए। हादसे में जान गवाने वाले दोनों बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
शिवपुर थाना अंतर्गत तरना बाजार में रविवार की रात करीब दो बजे हरहुआ से बनारस की तरफ आ रही बाइक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में मुगलसराय के भोगवार निवासी बाइक मैकेनिक प्रद्युम्न पटेल (20) और उसके दोस्त राजकुमार की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची शिवपुर पुलिस ने पीछा कर ट्रक को पकड़ा और आगरा के नैना निवासी चालक मुन्ना लाल को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों ने बताया कि भोगवार निवासी मिठाई पटेल के बेटे गोविंद की शादी फूलपुर क्षेत्र के असवालपुर पिंडरा निवासी घनश्याम पटेल के यहां थी। दो भाई-दो बहन में सबसे छोटा प्रद्युम्न और दो भाई-पांच बहन में सबसे छोटा राजकुमार शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। शिवपुर पुलिस के अनुसार दोनों हेलमेट नहीं पहने थे।
वहीं, रामनगर थाना अंतर्गत विश्व सुंदरी पुल पर ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में मिर्जापुर के कैलहट परसौधा निवासी अमित सिंह (30) और नई बस्ती नरायणपुर निवासी विनोद प्रजापति (28) घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक डाफी की ओर भाग गया। बीच सड़क कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से पुल पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवा कर कार हटवाया तो आवागमन शुरू हुआ। दोनों घायलों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई गई है। उधर, लंका थाना अंतर्गत सामने घाट में दो बाइक सवार और एक ठेले को टक्कर मारने के बाद रामनगर की ओर से आ रही बोलेरो रुक गई। हादसे में घायल रामनगर निवासी सगे भाई आशू (25) व राजू (22) और चुनार निवासी वशिष्ठ नारायण सिंह (45) को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। सूचना पाकर पुलिस ने बोलेरो को कब्जे में ले लिया। बोलेरो मिर्जापुर निवासी इंजीनियर सतीश मिश्रा की बताई गई है। चोलापुर थाना अंतर्गत बावन बीघा के समीप स्कार्पियो की टक्कर से बाइक सवार बनारस निवासी अमित शुक्ला (32) घायल हो गया। मिर्जामुराद थाना अंतर्गत लालपुर चट्टी के समीप डिवाइडर से टकरा कर त्रिभुवनपुर (टोडरपुर) निवासी श्रवण राजभर (35) गंभीर रूप से घायल हो गया।