सेवापुरी/पिंडरा। जंसा और फूलपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को अलग-अलग सड़क हादसे में बाइक सवार कोटेदार सहित दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के दौरान दोनों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था और उनके सिर में गंभीर चोट आई। सूचना पाकर पहुंची इलाकाई थानों की पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कपसेठी थाना अंतर्गत नेवादा गांव निवासी राकेश दूबे उर्फ नीरज (25) बाइक से जंसा की ओर जा रहा था। बड़ौरा बाजार के समीप पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक के चक्कर में बाइक पर पीछे से टक्कर मारा तो राकेश छिटक कर दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार राकेश के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट आई है। सूचना पाकर पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि राकेश दो भाइयों में छोटा था और वाराणसी में प्राइवेट नौकरी करता था। हादसे के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला। उधर, फूलपुर थाना अंतर्गत करखियांव मोड़ के समीप किसी वाहन की टक्कर से बाइक सवार जौनपुर के जलालपुर थाना के छतरी गांव निवासी कोटेदार अजीत कुमार सिंह (52) की मौत हो गई। अजीत के बैग में मिले कागजात की मदद से पुलिस ने उनके परिवारीजनों को हादसे की जानकारी दी।