वाराणसी। मंडुआडीह रेलवे ओवरब्रिज के बनकर तैयार होने के बावजूद उसे आवागमन के लिए न खोले जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रविवार को मंडुवाडीह बाजार में प्रदर्शन किया। पार्टी की ओर से जन समस्याओं को लेकर चलाए जा रहे जन जागरण सत्याग्रह आंदोलन के दूसरे दिन यहां प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने कहा कि आम जनता की सुविधा के लिए आरओबी पर तत्काल आवागमन शुरू कराया जाए।
पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि सड़कें ध्वस्त हो चुकी हैं, सीवर ओवरफ्लो से जनता परेशान है। पुल बनकर तैयार है लेकिन उद्घाटन कराकर इसे चालू कराने की चिंता किसी को नहीं है। जनता जाम से जूझ रही है। जनहित में इसे रिमोट से भी लोकार्पित किया जा सकता है। कांग्रेसजनों ने पीएनबी घोटाले को मोदी सरकार की देन बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन में विजय शंकर मेहता, शालिनी यादव, श्वेता राय, गणेश शंकर पाडेय, भूपेंद्र सिंह, दिनेश तिवारी, राघवेंद्र चौबे, शैलेंद्र सिंह, पार्षद रमजान अली, मंडुवाडीह व्यापार मंडल के अध्यक्ष विनय गुप्ता, काशीनाथ गुप्ता, परमेश्वर राय आदि शामिल थे।