वाराणसी। यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान केंद्र पर असलहा लेकर जाने के मामले में डीआईओएस डॉ. ओपी राय ने केंद्राध्यक्ष को नोटिस जारी करके जवाब तलब किया है। परीक्षा केंद्र को डिबार करने की भी तैयारी की जा रही है।
यूपी बोर्ड परीक्षा के एक केंद्र पर केंद्राध्यक्ष द्वारा असलहा लेकर जाने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो कालीचरण सरस्वती इंटर कॉलेज लठिया का है। वीडियो में केंद्राध्यक्ष के टेबल पर साफ असलहा रखा नजर आ रहा है। जबकि बोर्ड की ओर से जारी निर्देश में है कि परीक्षा केंद्र पर कोई भी व्यक्ति, चाहे वह केंद्राध्यक्ष हो, कक्ष निरीक्षण या केंद्र पर तैनात कर्मचारी न तो मोबाइल, पेजर, इलेक्ट्रानिक डायरी या अस्त्र शस्त्र लेकर प्रवेश नहीं कर सकता। खास ये कि वीडियो भी केंद्राध्यक्ष ने ही एक व्हाट्स ग्रुप में डाला गया है। वीडियो वायरल होने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। डीआईओएस ने इसे संज्ञान में लेकर केंद्राध्यक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। केंद्राध्यक्ष पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी भी की जा रही है।