वाराणसी। अक्सर सरकार को विभिन्न मौकों पर घेरने वाले पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के मंत्री ओमप्रकाश राजभर शनिवार को नरम दिखे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी सरकार के नेतृत्व में सरकार तेजी से विकास कर रही है। हर क्षेत्र में काम हो रहा है। कहा कि उन्होंने सीएम को प्रस्ताव दिया है कि बीटीसी और बीएड कर चुके बेरोजगारों को प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में दस हजार मानदेय देकर पढ़ाने का मौका दिया जाए। वह शनिवार को सर्किट हाउस में अमर उजाला से बातचीत कर रहे थे। कहा 28 जनवरी को छोटी कटिंग के मैदान में उनकी पार्टी भासपा (सुहेलदेव) राजा सुहेलदेव की जयंती मनाएगी। इसमें मंडल के पार्टी कार्यकर्ता जुटेंगे। इसे अति पिछड़ा एवं दलित महारैली के रूप में मनाया जाएगा।
बताया कि दिव्यागों को परिवहन निगम की बसों में प्रदेश ही नहीं देश भर में यात्रा नि:शुल्क करा दी गई है। दिव्यागों की पेंशन तीन सौ से बढ़ाकर पांच सौ कर दी गई है। रेलवे से बातचीत कर थर्ड एसी में लोअर बर्थ मिलने की सुविधा करा दी गई है। बचपन केयर सेंटर को आठ मंडलों से बढ़ाकर सभी 18 मंडलों में कर दिया गया है। यहां अब मिड डे मील भी मिलेगा। कहा कि पिछड़ा वर्ग को तीन वर्गों में विभाजित किया गया है। सूबे में पिछड़ी जाति के छात्रों के लिए आईएएस और पीसीएस की तैयारी के लिए 16 केंद्र हैं लेकिन इसमें दो ही संचालित होते थे। अब सभी 16 को चालू करवा दिया गया है। छात्रों को नि:शुल्क ओ लेवल कंप्यूटर कोर्स कराया जा रहा है। ओमप्रकाश राजभर ने सर्किट हाउस में ही पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक भी की।