वाराणसी। कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि वह एग्रो पार्क करखियांव के कारोबारियों को ईमेल पर भी बिजली का बिल भेजें। कारोबारी समय से बिल न मिलने की शिकायत कर रहे थे। उद्यमियों ने रामनगर औद्योगिक आस्थान के फेज-1 एवं 2 में सड़क निर्माण कार्य अब तक शुरू न होने की शिकायत की। बताया कि इसके लिये 859 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग चंदौली को 220 लाख रुपये मिल भी चुके हैं। कमिश्नर ने सड़क निर्माण के लिए जनवरी में टेंडर की कार्यवाही करने का निर्देश दिया। वह शुक्रवार को अपने कार्यालय में मंडलीय उद्योग बंधु के बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
कमिश्नर ने एग्रो पार्क करखियांव में सड़क एवं नाली निर्माण कार्य को पूरा कराने का निर्देश दिया। यूपीएसआईडीसी के अधिकारी ने बताया कि एग्रो पार्क की सड़क नं.-2 व 5 पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसी माह नाली निर्माण भी पूरा करा लिया जाएगा। शेष सड़कों का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा किया जाएगा। राज्य कर्मचारी बीमा निगम द्वारा पांडेयपुर में निर्माणाधीन 150 बेड के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य 15 फीसदी होने पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त उद्योग केन्द्र को प्रतिमाह निर्माण कार्य की रिपोर्ट देने को कहा। दिसंबर 2018 तक अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा कराने को कहा। रामनगर औद्योगिक संघ के देव भट्टाचार्य ने बताया कि उद्यमी को भूखंड आवंटित करने के बाद उस पर उसका कब्जा प्राप्त न होने के बावजूद यूपीएसआईडीसी द्वारा पेनाल्टी लगाई जा रही है। कमिश्नर ने इस संबंध में शासन को पत्र लिखने को कहा। बैठक में उपायुक्त उद्योग उमेश सिंह के अलावा विद्युत, पंचायत, यूपीएसआईडीसी, आरईएस आदि विभाग के अधिकारी सहित उद्यमी संगठन के पदाधिकारी एवं उद्यमी प्रमुख मौजूद थे।