वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में बिजली विभाग के कैशियर और मंडुवाडीह इलाके में आरपीएफ के जवान से लूट की घटनाओं के कुछ घंटे बीतने के बाद ही मंगलवार की रात तीन बदमाशों ने लंका थाना के नैपुरा कला गांव में एक घर पर धावा बोला। घर में सोई प्रभा देवी (60) को बदमाशों ने चाकू की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद 35 हजार रुपये और सोने की चेन लूटकर भाग निकले। वृद्धा के शोर मचाने पर उनके बेटे ने उन्हें कमरे से बाहर निकाला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस मौका मुआयना तक ही सीमित रही।
लंका थाना क्षेत्र के नैपुरा कला गांव की प्रभा देवी मंगलवार की रात अपने घर में सोईं हुईं थीं। इसी दौरान छत के रास्ते से घुसे दो बदमाशों ने उन्हें जगाया और गले पर चाकू सटाकर उनकी सोने की चेन उतरवा ली। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाशों ने प्रभा देवी से आलमारी खुलवाई और उसमें रखे 35 हजार रुपये अपने कब्जे में ले लिया। नगदी और चेन लूटने के बाद बदमाशों ने प्रभा देवी के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर भाग गए। इसके तत्काल बाद उन्होंने शोर मचाया तो बेटे सूरज ने दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला। पीड़िता के अनुसार दो बदमाश कमरे के अंदर घुसे थे और एक छत पर खड़ा होकर बाहर के माहौल की टोह ले रहा था। उधर, सूरज ने बताया कि घर से लगभग आधा किमी की दूरी पर रमना पुलिस चौकी है। 10 दिन पहले भी चोरी हुई थी लेकिन पुलिस सुस्त बनी हुई है। यही वजह है कि बदमाश वारदात पर वारदात कर रहे हैं।