वाराणसी। सपा में मेयर और पार्षद के लिए सोमवार से आवेदन लेने का सिलसिला शुरू हो गया। पहले दिन मेयर के लिए राष्ट्रीय एथलीट पूजा यादव ने दावेदारी की। वहीं सभासद के लिए पहले दिन 30 दावेदारों ने आवेदन किया। इसमें ज्यादातर नए लोग हैं। बुधवार तक पार्टी दावेदारों के आवेदन लेगी। इसके बाद आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग होगी। प्रदेश नेतृत्व के दिशा-निर्देशों के आधार पर प्रत्याशियों की सूची फाइनल की जाएगी।
नगर निगम के मेयर की सीट पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित होने की घोषणा के बाद से ही पार्टी में हलचल तेज हो गई है। आला नेता अपने स्तर से भी उपयुक्त प्रत्याशी की खोज में हैं। पहले-पहल महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल की पत्नी सत्या जायसवाल का नाम उछला। फिर कई और नाम चर्चा में रहे। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 16 से 18 तक दावेदारों से आवेदन लेने की तिथि तय की गई। सोमवार को पहले दिन मेयर के लिए आवेदन करने वाली पूजा यादव जीजा उमेश यादव सपा के निवर्तमान पार्षद हैं।