वाराणसी। राजस्थानी लोक परंपरा से लेकर परिधानों तक के विविध रंग शनिवार को छाए। मौका था राजस्थानी मेले का। सज-धज कर आई मारवाड़ी समाज की महिलाओं ने खूब मस्ती की। मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा की ओर से मलदहिया के विनायका प्लाजा में लगे मेले में लेटेस्ट ट्रेंड के कपड़ों से लेकर डिजाइनर ज्वेलरी की खरीदारी भी की। बुटीक की डिजाइनर कुर्तियों से लेकर प्लाजो, स्कर्ट, श्रग वाली कुर्तियों के लेटेस्ट कलेक्शंस ने महिलाओं से लेकर युवतियों तक को दीवाना बना दिया। हाथ से बनीं राखियां, लुंबे, भगवान के पोशाक और उनके शृंगार का पूरा साजोसामान भी मेले का आकर्षण बना।
पूजा चौधरी के अनीका कलेक्शंस के स्टाल पर डिजाइनर कुर्तियों, गाउन, प्लाजो, स्टोल्स की खूब खरीदारी हुई। कोलकाता से आईं नम्रता अग्रवाल की डिजाइनर ज्वेलरी भी लोगों को खूब भाई। यहां 14 से 22 कैरेट गोल्ड तक की ज्वेलरी थी। असली हीरे और पन्ने के 18 गोल्ड का दो लाख का गले का हार भी खास था। राजस्थानी लुक वाली टेंपल ज्वेलरी की धूम थी ही, अर्चना मोदी द्वारा तैयार टेराकोटा की ज्वेलरी भी छाई रही। श्रद्धा दीक्षित के होम मेड बॉडी प्रोडक्ट्स के स्टाल पर भी भीड़ रही। असली सोने के बुरादे और शहद से बने साबुन से लेकर डियो स्टिक, फेस वॉश और फेस मास्क की पूरी रेंज यहां मौजूद थी।
कानपुर की चप्पलें, कोलकाता की राखी, सावप के सिंधारे और जन्माष्टमी के लिए भगवान की पोशाक की खूब खरीदारी हुई। मेले का शुभारंभ डालिम्स सनबीम की निदेशिका पूजा मधोक व मंजू अग्रवाल ने किया। अध्यक्ष नीतू मुरारका ने उनका स्वागत किया। मेले में मधु तुलस्यान, रजनी तुलस्यान, सरोज तुलस्यान, चंदन खेमका, रजनी कनोडिया, नीतू नवलगढ़िया, ऊषा जगनानी, बबीता अग्रवाल, गुंजन बूबना, प्रीति गोयनका, संगीता मानसिंह का सहयोग रहा।