वाराणसी। जिले के विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों, शिक्षक-छात्र संख्या आदि को लेकर भरा जाने वाला यू डायस (यूनिफाइड डिस्टिक इनफार्मेशन सिस्टम) फार्म के लिए जिले के 13 विद्यालयों को नोडल सेंटर बनाया गया है। इन्हीं के माध्यम से निर्धारित फार्मेट पर ऑनलाइन फार्म भरकर विद्यालयों को उसकी हार्ड कॉपी जमा करनी होगी।
नए शैक्षिक सत्र 2019-20 में विद्यालयों में यू डायस फार्म को अनिवार्य किया गया है। इसमें विद्यालय में चलने वाले पाठ्यक्रम, शिक्षक-छात्र संख्या, प्रयोगशाला, खेलकूद आदि सुविधाओं का ब्योरा दिया जाना है। नए सॉफ्टवेयर से फार्म भरने में किसी तरह की कोई असुविधा न हो, इसको लेकर पिछले दिनों राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में हुई बैठक में प्रधानाचार्यों को इससे जुड़ी जानकारी दी जा चुकी है। अब जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय की ओर से सभी प्रधानाचार्यों को मोबाइल और ईमेल पर यूजर आईडी और पासवर्ड भेजा जा रहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी विद्यालयों को 15 मई तक फार्म भरकर हार्ड कॉपी जमा करनी होगी। इसके लिए 13 नोडल सेंटर बनाए गए हैं।