राजातालाब। नई तहसील भवन में अधिवक्ताओं के न्यायालय व कार्यालय शिफ्ट करने की मांग को लेकर बुधवार को अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। वकीलों ने उप जिलाधिकारी तथा तहसीलदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही मांग पूरी न होने तक आंदोलन की चेतावनी दी।
राजातालाब तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष छेदी लाल यादव का कहना था कि एक साल से नए भवन में कामकाज शुरू किए जाने की मांग की जा रही है। कमियों का हवाला देकर अधिकारी इस नए भवन में नहीं गए। अधिवक्ताओं की मांग है कि नए तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था की जाए या पुरानी और नई तहसील के भवन के बीच की बनी बाउंड्री को हटा दी जाए। बार के महामंत्री प्रदीप सिंह सिंह ने कहा कि अधिकारियों ने अधिवक्ताओं की सहमति के बिना न्यायालय व कार्यालय शिफ्ट करना शुरू किया है जबकि नई तहसील में अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था होने के बाद ही कार्यालय शिफ्ट करने का भरोसा दिया गया था। उपजिला अधिकारी द्वारा बार से पारित प्रस्ताव की कॉपी न लिया जाना मनमानी का सूचक है।
धरने में पहुंचे तहसीलदार मनोज पाठक ने अधिवक्ताओं से बार के प्रस्ताव की प्रति स्वीकार की। तहसीलदार मनोज पाठक ने बताया कि पुरानी तहसील और नई तहसील के बीच एक छोटा दरवाजा खुला है। इससे अधिवक्ता नई तहसील में आ जा सकते हैं। चहारदीवारी को वह नही गिरा सकते। इस दौरान बच्चा लाल यादव, दिनेश शर्मा ,विजय कुमार पांडे, प्रमोद उपाध्याय, सुनील सिंह, आलोक सिंह, ज्ञान प्रकाश दुबे सहित दर्जनों अधिवक्ता उपस्थित रहे।