वाराणसी। कांग्रेस कार्यकर्ता पुलवामा के शहीदों का त्रिपिंडी श्राद्ध करेंगे। हालांकि इसके लिए अभी कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। यह जानकारी पूर्व विधायक अजय राय ने बुधवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना में जान न्योछावर करने वाले शहीदों के प्रति श्रद्धा का भाव रखते हुए यह आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने केन्द्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि खुफिया एलर्ट के बाद भी सुरक्षा देने में सरकार की खुली चूक से यह घटना हुई है। इसको लेकर विपक्ष और पूरा देश जवाबी कार्रवाई के लिए सरकार को समर्थन दे रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शोक में कांग्रेस और विपक्ष ने जहां सभी सार्वजनिक कार्यक्रम स्थगित रखे, शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने भी अयोध्या में मंदिर शिलान्यास आंदोलन को स्थगित कर दिया। वहीं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आधे अधूरे विकास कार्यों और नाली खड़ंजे का उद्घाटन करने में लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले प्रधानमंत्री गंगा पुत्र थे इस बार की रैली में मुख्यमंत्री ने उनको काशी पुत्र बना दिया। यही नहीं उन्होंने अपने भाषण में केवल एक शहीद का नाम लिया जबकि पड़ाव के शहीद को भूल गए, इससे उनके काशी पुत्र होने का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चुनावी लाभ के लिए प्रधानमंत्री कुछ भी कर सकते हैैं।