वाराणसी। नई दिल्ली से आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस 15 मिनट देरी से कैंट रेलवे स्टेशन पहुंची। देरी से आने का कारण जौनपुर में ट्रेन का बाइक से टकराना सहित विभिन्न घटनाएं रहीं। इससे पूर्व टुंडला के समीप पत्थर फेंके जाने से एक बोगी का शीशा भी टूट गया था। कैंट रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद टूटे शीशे वाली खिड़की पर टेप लगाया गया। इसके बाद यह नई दिल्ली रवाना हुई।
15 मिनट की देरी से ट्रेन लगभग सवा दो बजे कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची। कैरेज एंड वैगन की टीम ने खिड़की के शीशे की अनुपलब्धता की वजह से खिड़की पर मोटा टेप चिपका दिया। दोपहर बाद तीन बजे, निर्धारित समय से ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
वंदे भारत एक्सप्रेस पर एक के बाद एक पत्थर फेंकने की घटना को रेल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ को दे दी गई है। सेक्शन वाइज आरपीएफ की टीमें अब वंदे भारत की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।