वाराणसी। मंडुवाडीह के व्यापारियों के लगातार दबाव के बाद आखिरकार पीडब्ल्यूडी ने बाजार की सड़क बनाने की शुरुआत कर दी है। गुरुवार की देर रात हनुमान मंदिर से थाने के आस पास की सड़कों पर गिट्टी और तारकोल डालकर पहली लेयर की सड़क बनाई गई है। अभी इसकी फिनिशिंग बाकी है। शुक्रवार को भी सड़क बनाने का सामान रखा गया है। अभी कुछ हिस्सा ही बनाया गया है जबकि बाकी हिस्सा बनाने का काम जल्द ही पूरा होगा।
मंडुवाडीह क्षेत्र की जनता और व्यापारियों की सड़क से जुड़ी समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। जिला प्रशासन ने खबर को संज्ञान लिया। जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने मंडुवाडीह के व्यापारियों की समस्या को ध्यान में रखकर पीडब्ल्यूडी के निर्देश दिया था कि सड़कों को दुरुस्त कराएं। इसके बाद पीडब्ल्यूडी हरकत में आया। व्यापारी नेता विनय कुमार गुप्ता ने कहा कि इस सड़क के बनने से यहां लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता जीपी पांडेय ने बताया कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन से पहले बनारस ही सभी सड़कों को चमाचम कर दिया जाएगा। मंडुवाडीह क्षेत्र के लोगों ने यहां की समस्या से अवगत कराया था। ब्लॉक की ओर से सीवर पाइप लाइन डालने का काम पूरा होने के बाद सड़क बनाई जा रही है। इस सड़क को जल्द ही पूरी तरह से ठीक कर दिया जाएगा।