वाराणसी। प्रवासी भारतीय सम्मेलन से पहले शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए गुरुवार को प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने चर्चा की। इसमें संभागीय परिवहन अधिकारी को शहर में चल रहे अवैध मैजिक, ऑटो और नगर निगम को सड़क-चौराहों पर लगने वाली मंडियों के खिलाफ अभियान चलाकर बंद कराने का निर्देश दिया गया। इस दौरान यातायात पुलिस की ओर से चिन्हित 34 चौराहों के चौड़ीकरण पर भी सहमति बनी।
एसपी ट्रैफिक सुरेश रावत ने बैठक में बताया कि शहर के 34 चौराहों-तिराहों पर भीड़, वाहनों का अधिक दबाव रहता है। इसमें गोदौलिया चौराहा, जलालीपुर तिराहा, लक्सा चौराहा, जयसिंह चौराहा, चेतगंज चौराहा, रथयात्रा चौराहा, रोडवेज, इंग्लिशिया लाइन तिराहा, मंडुवाडीह चौराहा, चांदपुर चौराहा, भिखारीपुर, बांस फाटक, चौक चौराहा, मछली मंडी भोजूबीर, रामनगर चौक, विशेश्वरगंज कोतवाली, लोहटिया, मैदागिन चौराहा, वरुणापुल के ऊपर, महमूरगंज, कछवा चौराहा, राजघाट पुल, महावीर मंदिर चौराहा, काली माता मंदिर, बेनियाबाग, आशापुर रेलवे क्रॉसिंग, लंका-सामनेघाट पुल, रामनगर-टेंगरा मोड़, लंका सुंदरपुर सब्जी मंडी, छितुपुर सब्जी मंडी, भोजूबीर सब्जी मंडी है। इन चौराहों पर यातायात के अनुरूप चौड़ीकरण और डिवाइडर निर्माण पर सहमति बनी। चौराहों-तिराहों की 50-100 मीटर तक टेंपो, टैक्सी आदि वाहनों को खड़ा करना प्रतिबंधित होगा। गोदौलिया-मैदागिन मार्ग पर फुटपाथ बनेगा। जलालीपुर तिराहा रेलवे फाटक पर चार पहिया वाहन बंद होंगे। चौपहिया वाहन कज्जाकपुरा से जाएंगे। कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने नगर निगम को सड़कों पर लगने वाली अवैध सब्जी, दूध मंडी को स्थान उपलब्ध कराने को कहा है। इसके अलावा उन्होंने विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया कि बेसमेंट पार्किंग वाले मॉल, बड़े शोरूम, अन्य संस्थान चिन्हित किए जाएं और उनका उपयोग कराया जाए। बैठक में एडीजी पीवी रामाशास्त्री, आईजी विजय सिंह मीणा, उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।