वाराणसी। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने अमरा अखरी बाईपास से गैस सिलिंडर लदे ट्रक की केबिन से कछुओं की 36 किलोग्राम खाल बरामद की है। कछुओं की खाल के साथ फिरोजाबाद के शिकोहाबाद निवासी मनीष कुमार को गिरफ्तार कर ट्रक को सीज कर दिया गया है। पूछताछ में सामने आया कि बरामद खाल को फिरोजाबाद से कोलकाता के रास्ते बांग्लादेश होते हुए मलेशिया और थाइलैंड पहुंचाया जाता। बरामद खाल की कीमत पांच लाख सैंतालिस हजार रुपये बताई गई है।
डीआरआई की वाराणसी इकाई के सीनियर इंटेलिजेंस अफसर आनंद राय ने बताया कि गुरुवार की रात सूचना मिली थी कि इलाहाबाद की ओर से आ रहे ट्रक में प्रतिबंधित वन्य जीव कछुआ की खाल तस्करी कर ले जाई जा रही है। इस सूचना पर अमरा अखरी में टीम के साथ वाहनों की चेकिंग शुरू की गई तो एक ट्रक की केबिन में दो बैग में कछुओं की खाल के 547 टुकड़े मिले। ट्रक में 13 लाख 79 हजार रुपये मूल्य के 896 खाली गैस सिलिंडर लादे हुए थे। बरामद खाल को वन्य जीव प्राधिकरण को सौंप कर आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 36 किलोग्राम वजनी खाल लगभग 250 कछुओं की है।