वाराणसी। दो सप्ताह बाद फिर से गंगा के जल स्तर में बढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटे में कुल 13 सेमी गंगा के जल स्तर में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इसे देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है।
पिछले दिनों पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद गंगा के जलस्तर में बढ़ोत्तरी शुरू हो गई है। पहले जहां जुलाई में गंगा का जलस्तर बढ़ते हुए 66 मीटर तक पहुंच गया था। वह लगभग दो मीटर कम होते हुए 64 मीटर पर आ गया था, लेकिन फिर से हो रही बारिश से गंगा के जल स्तर में बढ़ोत्तरी जारी है। केन्द्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को गंगा का जल स्तर 64.35 मीटर था, वहीं बुधवार को यह जलस्तर 64.48 मीटर तक पहुंच गया है। इससे पिछले 24 घंटों में गंगा का जल स्तर कुल 13 सेमी बढ़ा है। आयोग के अनुसार अभी भी बढ़ाव जारी है।