शिवपुर। नटिनियादाई स्थित हार्डवेयर दुकान के संचालक सुरेश पटेल के कैश बॉक्स से 40 हजार रुपये निकाल कर बाइक सवार उचक्का शुक्रवार को भाग निकला। प्रकरण की शिकायत शिवपुर पुलिस से की गई है। सूचना पाकर पुलिस दुकान के सीसीटीवी में कैद आरोपी की तस्वीर को निकाली और उसकी खोजबीन में जुट गई।
दांदूपुर निवासी सुरेश की नटिनियादाई में हार्डवेयर की दुकान है। सुरेश के अनुसार एक युवक दोपहर एक बजे के लगभग बाइक से आया और सामान मांगा। सुरेश सामान लेने गोदाम में गए तो वह युवक उनके कैश बॉक्स को खोला और उसमें रखे 40 हजार रुपये निकाल कर भाग निकला। सुरेश ने जब तक उसे देखा वह गायब हो चुका था। माजरा समझ में आते ही सुरेश ने सौ नंबर पर फोन कर पुलिस को जानकारी दी। इस संबंध में इंस्पेक्टर शिवपुर ने बताया कि उचक्के को चिह्नित कर उसकी तलाश के लिए एक टीम लगाई गई है।