ज्ञानपुर। कांवरियों के लिए सुरक्षित हाइवे के उत्तरी लेन पर वाहनों का आवागमन रूकते ही रविवार को दक्षिणी लेन जाम में जकड़ उठा। यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हाइवे और मिर्जापुर- जौनपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाबूसराय से लेकर लालानगर तक वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े। इससे चारपहिया, तिपहिया वाहनों में सवार लोग झेल गए।
सावन में कांवर यात्रा को लेकर जीटी रोड का उत्तरी लेन कांवरियो के लिए सुरक्षित किया गया है। 28 जुलाई से सुरक्षित लेन पर रविवार दोपहर बाद वाहनों का आवागमन रोक दिया गया। इससे देखते ही देखते औराई चौराहे, लालानगर टोल प्लाजा, ऊंज, वहिदानगर इलाकों में जाम की स्थिति बनने लगी। औराई चौराहे पर मिर्जापुर- जौनपुर मार्ग से लेकर बाबूसराय तक जाम लग गया। बस, ट्रक, कार जहां-तहां खड़ी हो गई। औराई थाने की पुलिस दोपहर से लेकर शाम तक यातायात व्यवस्था को सुधारने में लगी रही। एक-एक वाहनों को धीरे-धीरे कर आगे बढ़ाया गया लेकिन आने वाले एक महीने में कमोबेश जीटी रोड की यही स्थिति दिखेगी।