वाराणसी। एटीएम कैश वैन में गन मैन, लॉक, सीसीटीवी कैमरा, शटर सहित सुरक्षा संबंधी सभी मानक पूरे नहीं होंगे तो संबंधित एजेंसी का लाइसेंस रद्द कराया जाएगा। शनिवार को एसएसपी राम कृष्ण भारद्वाज ने यह निर्देश एटीएम कैश वैन का काम करने वाली एजेंसियों के संचालकों को पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में दिया। बताया कि लापरवाही बरतने के आरोप में सिक्योर वैल्यू कंपनी का लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में इंस्पेक्टर लंका की रिपोर्ट मिल गई है।
एसएसपी ने कहा कि बीते मंगलवार को लंका में खड़ी एटीएम कैश वैन के गन मैन, ड्राइवर और अन्य कर्मचारी अपनी ड्यूटी के प्रति सजग होते तो 26.50 लाख रुपये लेकर बदमाश भाग नहीं पाते। कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि एटीएम में पैसा भरने के दौरान ड्राइवर हर हाल में वैन में ही रहे। वैन के बाहर गन मैन एलर्ट मोड में ऐसे खड़ा हो कि उसकी नजर एटीएम पर भी रहे। कोई वैन के गेट के समीप खड़ा हो तो गन मैन उसे हटा दें। कस्टोडियन वैन के गेट के सभी लॉक को बंद करके ही एटीएम के अंदर कैश भरने जाए। वैन में ड्राइवर, क्रू कैश का अलग कंपार्टमेंट हो। कैश के बॉक्स शटर चैनल के ही भीतर रखे हों। वैन की लाइट, गेट, लॉक, इंजन, फिटनेस सब कुछ दुरुस्त हों।