भदोही। ब्लॉक प्रमुख प्रशांत सिंह ने मंगलवार को क्षेत्र पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्लॉक परिसर में बने आवासों पर कब्जा किए गैर कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए उन्हें आवास छोड़ने का निर्देश दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान को गंभीरता से चलाने और परिसर की साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने का ब्लॉक अधिकारियों को निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की।
ब्लॉक प्रमुख सुबह 10.15 बजे क्षेत्र पंचायत कार्यालय पहुंचे। उस समय तक वहां कोई कर्मचारी उपस्थित नहीं था। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय आना सुनिश्चित करें। यह भी देखें कि दूर दराज से यहां आने वाले ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो। उन्होंने खंड विकास कार्यालय परिसर में बने लगभग 12 आवासों के बारे में बताया कि आवास यहां के कर्मचारियों के रहने के लिए है। किसी बाहरी का यहां रहना बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसलिए वे तत्काल आवास खाली कर दें। कार्यालय में गंदगी देख उन्होंने शीघ्र परिसर का सौंदर्यीकरण कराने की बात कही। कहा कि कर्मचारियों को सपा की कार्य संस्कृति त्यागनी होगी। निरीक्षण के दौरान एडीओ अंजनी कुमार, अखिलेश पाल, प्रिंस गुप्ता, ओम सिंह, संजय मिश्रा, बाबा तिवारी, डंपू सिंह आदि रहे।