महराजगंज। औराई थाना क्षेत्र के अदनपुर गांव में शनिवार की रात घर में घुसे चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण, कीमती कपड़े और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। भोर में घटना की जानकारी होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना किया।
अदनपुर गांव निवासी रमेश चंद्र मिश्रा के परिवार के लोग शनिवार रात आठ बजे खाना खाकर अलग-अलग कमरों में सो गए थे। देर रात सन्नाटा होने पर चोर घर में घुसे और एक कमरे का ताला तोड़कर, उसमें रखे चार बाक्स उठा कर चंपत हो गए। सुबह घर के लोगों की आंखें खुलीं तो कमरे का ताला टूटा देख अवाक रह गए। अंदर जाकर देखा तो वहां रखे चारों बाक्स गायब थे। कुछ देर बाद जानकारी मिली कि चारों बाक्स घर से 100 मीटर की दूरी पर खेत में टूटे पड़े हैं। पीड़ित रमेश ने बताया कि बाक्स में तीन लाख से अधिक के आभूषण, एक लाख के कपड़े और नकदी मौजूद थे। परिवार वालों ने पुलिस को फोन कर चोरी की जानकारी दी। कुछ देर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पीड़ित ने थाने में चोरी की तहरीर दी है।