गोपीगंज। पशु तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में शनिवार की रात गोपीगंज पुलिस को सफलता हाथ लगी। पुलिस ने चेकिंग के दौरान ट्रक से 10 मवेशी बरामद कर तीन तस्कारों को गिरफ्तार कर लिया। मवेशी बिहार से कानपुर वध के लिए लेकर जा रहे थे। तस्करों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम का मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
हाईवे पर पशु तस्करी रोकने के लिए एसपी ने टीमों का गठन किया है। शनिवार को रात करीब 11 बजे गोपीगंज एसओ अपनी टीम के साथ हाईवे पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान ट्रक यूपी 73, 2324 की तलाशी ली गई तो 10 मवेशी बरामद हुए। पुलिस ने ट्रक में मौजूद पशु तस्कर मो. सैफ निवासी पुरामुफ्ती कौशांबी, राज शाह निवासी कोखराज, कौशांबी और इकबाल निवासी रोहनिया, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि बिहार से मवेशियों को लेकर कानपुर जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक को सीज कर दिया और तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक सचिंद्र पटेल ने बताया कि ट्रक का परिमट निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है। साथ ही तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।