राजातालाब (वाराणसी)। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गंगापुर स्थित डॉ. विभूति नारायण सिंह परिसर में बुधवार को गीत-संगीत की धूम मची। कला-संस्कृति के रंग छाए। एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों पर खूब तालियां गूंजीं। अवसर था, ललित कला विभाग के वार्षिकोत्सव ‘शुभारंभ 2018’ का।
उद्घाटन मुख्य अतिथि विद्यापीठ के वित्त अधिकारी मोहम्मद आरिफ , विशिष्ट अतिथि बीएचयू के प्रोफेसर विजय सिंह, गंगापुर नगर पंचायत अध्यक्ष दिलीप सेठ, निदेशक प्रोफेसर शंभू उपाध्याय, विधि संकाय के अध्यक्ष प्रोफेसर चतुर्भुज तिवारी, ललित कला के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सुनील विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों का स्वागत डॉ. शशिकांत नाग और सुमित घोष ने किया। फिर एक से बढ़कर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ छात्र-छात्राओं ने रंग जमाया। राजस्थानी लोक नृत्य की भव्य प्रस्तुति पर खूब तालियां गूंजीं। शालिनी गांगुली, मानसी और रिमझिम ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। बीएफए प्रथम वर्ष से अभिषेक पांडे और शालिनी गांगुली क्रमश: मिस्टर और मिस फाइन आर्ट्स चुने गए। स्नातकोत्तर में रागेश्री प्रकाश और संदीप यादव को मिस और मिस्टर फाइन आर्ट्स चुना गया। इस दौरान आशीष राय और अजीत कुमार की पेंटिंग भी आकर्षण का केंद्र बनी। उन्होंने बेहद कम समय में महाराज विभूति नारायण सिंह और स्वामी विवेकानंद का चित्र बनाकर लोगों को हैरत में डाल दिया। सुमित घोष ने धन्यवाद ज्ञापन किया।