पिंडरा। प्रदेश के विधि व न्याय मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि खेल की भावना अद्भुत होती है। खेल के मैदान में सभी प्रतिद्वंद्वी होते हैं लेकिन उसके बाद घनिष्ठ मित्र बन जाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल से प्रतिभा में निखार आता है।
वे सोमवार को गजोखर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित 63वी राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। विशिष्ट अतिथि विधायक डॉ. अवधेश सिंह ने अपनी निधि से बॉक्सिंग रिंग बनवाने की घोषणा की। वहीं खेल मंत्री से मिनी स्टेडियम बनवाने की मांग की। डॉ. अवधेश सिंह ने बाहर से आए खिलाडि़यों को बनारस की संस्कृति, घाटों व मंदिरों में दर्शन-पूजन कराने की घोषणा की। एसडीएम पिंडरा डॉ. एनएन यादव ने प्रशासनिक सहयोग देने की बात कही।
एसजीएफआई के तहत गजोखर नवोदय विद्यालय में हो रही प्रतियोगिता में 626 नवोदय विद्यालयों के बच्चे प्रतिभाग कर रहे हैं। छह दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता 14 वर्ष आयु वर्ग के 28 से 50 किलो भार वर्ग के 11 कैटेगरी में होगी।
अध्यक्षता द्रोणाचार्य विजेता व बॉक्सिंग कोच बीबी मोहंती व स्वागत नवोदय विद्यालय समिति लखनऊ संभाग के आयुक्त विश्वजीत सिंह व संचालन पीएस यादव व आभार प्राचार्य पीके सिंह ने किया। इससे पूर्व प्रतिभागियों ने मार्च पास्ट किया। नेशनल इंटर कॉलेज पिंडरा के एनसीसी कैडेट्स द्वारा परेड व सलामी दी गई। प्रतियोगिता का शुभारंभ मंत्री ने झंडारोहण व मशाल जलाकर किया।
इस दौरान नवोदय विद्यालय के पूर्व आयुक्त आर बी सिंह, अंबरेश कुमार, मनीकुंतला सरकार, केएन मोहंती, शशि प्रकाश सिंह, सचिन मिश्र, रामाश्रय सिंह, शशांक त्रिपाठी, श्रीप्रकाश मिश्र, एसपी त्रिपाठी, एसएन उपाध्याय, पवन सिंह समेत विभिन्न प्रांतों के कोच व प्रतिभागी उपस्थित रहे।