वाराणसी। जिले के 52 शहरी और ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेेला लगाया गया। मेले में 2,929 लोगों की जांच की गई। इस दौरान 16 कुपोषित बच्चे मिले। वहीं, तीन लोगों में हेपेटाइटिस बी की भी पुष्टि हुई है। टीबी के 10 संभावित मरीज भी मिले हैं। लोगों की जांच कर उन्हें परामर्श के साथ ही निशुल्क दवाइयां भी दी गईं। सीएमओ ने बताया कि मेले में सबसे ज्यादा 1450 महिलाओं, 1067 पुरुषों और 412 बच्चों को देखा गया। 255 लोगों का आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए सैंपल भी लिया गया है। 287 लोगों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए।
बेनियाबाग शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मेले का शुभारंभ राज्यमंत्री डॉक्टर नीलकंठ तिवारी ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार आरोग्य मेले के माध्यम से लोगों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवा रही है। इस दौरान सीएमओ डॉक्टर वीबी सिंह, एडिशनल सीएमओ एके मौर्य, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. कार्तिकेय सिंह, आशीष सिंह मौजूद रहे।