वाराणसी। सेतु निगम का दावा है कि दिसंबर 2019 तक चौकाघाट फ्लाईओवर का विस्तारीकरण कार्य पूरा हो जाएगा, लेकिन जानकारों का मानना है कि समय से काम पूरा नहीं होगा। क्योंकि चार महीने बारिश का समय है। ऐसे में निर्माण कार्य प्रभावित होना तय है। अक्तूबर से काम शुरू हुआ तो तेज गति पकड़ने में नवंबर लग जाएगा। इसके बाद दिसंबर तक कैसे काम पूरा हो पाएगा।
दरअसल कैंट रोडवेज से लहरतारा कैंसर अस्पताल तक बनने वाले फ्लाईओवर का काम मार्च में ही पूरा होना था, लेकिन 15 मई 2018 को बीम गिरने से 15 लोगों की मौत की घटना के बाद चार महीने काम बंद हो गया था। इसके बाद काम शुरू हुआ तो गति नहीं पकड़ रहा था। इस काम को जल्द से जल्द खत्म कराने के लिए मेरठ से स्टील के गार्डर मंगाए गए हैं। जिन्हें 26 जून से रखा जाना है। सेतु निगम के परियोजना प्रबंधक एके सिंह ने कहा कि स्टील का गार्डर रखने के बाद यदि कोई दिक्कत नहीं आई तो काम समय से पूरा हो जाएगा। बारिश के समय काम नहीं होता है। बारिश बंद होने पर ही काम कराया जाता है। उधर, आईआईटी बीएचयू के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के बृंद कुमार ने बताया कि जिस प्रकार से चौकाघाट फ्लाईओवर का काम चल रहा है। उससे लगता नहीं कि समय पर पूरा होगा। इधर, चार महीने बारिश का मौसम है। ऐसी स्थिति में काम कैसे कराएंगे। सरकारी विभाग कभी समय से काम पूरा नहीं कराते हैं।