वाराणसी। आपातकालीन स्थिति में महिला बोगी में बैठीं यात्री लोको पायलट और गार्ड से संपर्क कर सकेंगे और कोई भी सूचना या जानकारी को साझा कर सकेंगी। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महानगरों को जाने वाली ट्रेनों में यह व्यवस्था शुरू की जानी है। रेलवे ने चुनिंदा ट्रेनों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर यह सुविधा शुरू की है।
यात्रा के दौरान महिलाओं को होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए रेलवे नई सुविधा शुरू करने जा रहा है। सुरक्षा के लिए ट्रेन की महिला बोगी में टॉक बैक बटन की व्यवस्था रहेगी। फि लहाल पश्चिम रेलवे की लोकल ट्रेनों की फ र्स्ट क्लास महिला बोगियों में बतौर पायलट प्रोजेक्ट यह सुविधा दी जा रही है। इसकी सफ लता और जरूरत को देखते हुए यह सुविधा जल्द ही सभी ट्रेनों में शुरू की जाएगी।
टॉक बैक बटन से महिलाएं ट्रेन के गार्ड या मोटरमैन से संपर्क कर सकती हैं। इस सुविधा का गलत इस्तेमाल न हो, इसे ध्यान में रखते हुए बातचीत रिकॉर्ड की जा रही है। हाल ही में आई वंदे भारत एक्सप्रेस की सभी बोगियों में टॉक बैक की सुविधा दी गई है। जल्द ही वाराणसी से नई दिल्ली और मुंबई जाने वाली ट्रेनों के कोच में यह सुविधा शुरू करने की तैयारी है।
संरक्षा और सुरक्षा रेलवे की प्राथमिकता में है। डिजाइन की गई नई बोगियों में टॉक बैक सिस्टम लगाया जा रहा है। इसका लाभ महिला यात्रियों को मिलेगा। -रवि प्रकाश चतुर्वेदी, एडीआरएम, वाराणसी उत्तर रेलवे