वाराणसी। खोजवां किरहिया मार्ग पर सोमवार को गंदगी से आजिज लोगों ने चक्काजाम कर दिया। साफ-सफाई नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने हंगामा भी किया। लोगों का आरोप था कि नाले की सफाई के बाद सड़क पर कीचड़ और मलबा फेंक दिया गया है। इसके कारण लोग आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय सभासद और अधिकारियों से शिकायत के बाद भी स्थिति ठीक नहीं हो सकी।
सोमवार को किरहिया मार्ग पर स्थानीय नागरिक सड़क पर उतर आए। सड़क पर बाइक और रस्सा लगाकर जाम कर दिया। ढाई घंटे तक मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। उनका कहना था सफाई के बाद नाले को खुला छोड़ दिया गया है। नाले से निकली गंदगी और मलबे को भी सड़क पर छोड़ दिया गया है। घरों के सामने खुला नाला होने के कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय नागरिक अशोक पांडेय ने बताया कि रविवार की देर शाम एक व्यक्ति नाले में गिर गया था। उसको काफी चोट आई है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश था। जाम की सूचना पर डायल 100 पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे ठेकेदार ने लोगों को आश्वासन दिया कि नाले को जल्द ही ढंक दिया जाएगा। ठेकेदार ने नाले से निकले सिल्ट को उठवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। जाम करने वालों में अमर नाथ, मिस्टर, सरोज, दिलीप, दीपू, प्रकाश, अनिल, अजय समेत दर्जनों की संख्या में लोग शामिल रहे।