वाराणसी। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत 15 दिनों में 20 हजार लाभार्थियों का सत्यापन किया जाएगा। सीडीओ गौरांग राठी ने जिला पंचायत राज अधिकारी से मिशन के तहत होने वाले कार्यों की प्रगति के बारे में पूछा है। इस संबंध में 15 जून तक सभी लाभार्थियों का मौके पर सत्यापन करने का निर्देश दिया। जिन ग्राम पंचायत अधिकारियों को गांव दिए गए हैं, उनका भी मौके पर सत्यापन कराने को कहा ताकि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को गति मिल सके। बेहतर कार्य करने के लिए नियमित मानीटरिंग का भी निर्देश दिया।
सीडीओ ने कहा कि विकास कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के सभी खर्चों की ऑनलाइन फीडिंग कराने का निर्देश दिया गया है। इस मिशन के तहत ग्रामीण इलाकों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता चलाई जाएगी। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों को निर्देश दिया गया है। स्वच्छता के साथ ही गांवों में गीला और सूखा कूड़ा रखने के बारे में भी बताया जाएगा। इसके लिए ब्लॉक के अधिकारियों को लगाया गया है। जो कई अन्य संस्थाओं को भी जागरूकता के कार्य में लगाकर मिशन को आगे बढ़ाएंगे।