वाराणसी/रामनगर। हुकुलगंज ताड़ीखाना और रामनगर चौक क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी एक कार और बाइक में आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थी कि कार और बाइक का सिर्फ ढांचा बचा। कार और बाइक में आग लगने की वजह नहीं स्पष्ट हो सकी।
हुकुलगंज ताड़ीखाना निवासी महेंद्र कबाड़ी ने बताया कि एक माह पूर्व कैंटोंमेंट क्षेत्र से एक लाख रुपये में पुरानी लोगान कार खरीदा था। घर पर जगह नहीं होने के कारण गली के सामने सड़क पर कार खड़ी किया था। गुरुवार की सुबह संदिग्ध हाल में कार के इंजन में आग लग गई। देखते ही देखते, आग की लपटें विकराल होती चली गईं। आसपास के लोगोें ने आग बुझाना शुरू किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
उधर, रामनगर चौक में किला रोड पर सड़क किनारे अपाचे बाइक खड़ी कर गुरुवार को मिर्जापुर के अदलहाट क्षेत्र के भुइली निवासी रामआसरे पटेल फल खरीद रहे थे। इसी दौरान बाइक से धुआं उठा और आग लग गई। स्थानीय लोग जब तक आग पर काबू पाते तब तक बाइक पूरी तरह से जल चुकी थी। रामआसरे ने बताया कि नौ महीने पहले ही उन्होंने बाइक खरीदी थी। आग लगने के कारण फल दुकानदार के दो कार्टन भी जल गए।