करंजाकला (जौनपुर)। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में गुरुवार को सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर अनाज वितरण के दौरान मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर एक युवक को मौत के घाट उतार दिया, जबकि दूसरा घायल हो गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
सुल्तानपुर गांव के कोटेदार अनिल गौतम गुरुवार को अनाज बांट रहा था। ग्राम प्रधान राम अवतार चौहान का खास माना जाने वाला गांव निवासी दशरथ चौहान (38) भी वहां था। उसी दौरान प्रधान के विपक्षी गुट के भी कुछ लोग आ गए। यहां अनाज वितरण को लेकर दशरथ चौहान से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के कुछ देर बाद ही 12 से अधिक लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर पहुंच गए और हमला बोल दिया। इसमें दशरथ चौहान और राम आशीष चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए.। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। दोनों घायलों को परिजनों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला पहुंचाया। वहां से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने दशरथ चौहान को मृत घोषित कर दिया, जबकि राम आशीष चौहान को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। सीओ सदर का कहना है कि घटना के पीछे ग्राम पंचायत के चुनाव की रंजिश है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
---