वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी ऐतिहासिक जीत का श्रेय काशी को देने और यहां के मतदाताओं का आभार व्यक्त करने के लिए 28 मई को आएंगे। चुनाव परिणाम की घोषणा से पहले ही प्रधानमंत्री कार्यालय ने 28 मई के काशी प्रवास की सूचना दे दी है। अब प्रशासनिक मशीनरी पीएम मोदी के आगमन की तैयारियों में जुटेगी। हालांकि पीएमओ शनिवार तक पीएम मोदी के काशी प्रवास का विस्तृत कार्यक्रम जारी करेगा।
नामांकन से पहले 25 अप्रैल को प्रधानमंत्री ने बीएचयू के सिंह द्वार से गोदौलिया तक करीब पांच किलोमीटर लंबा रोड शो निकाला था। उसी दिन उन्होंने काशीवासियों पर भरोसा जताते हुए अपने चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी उनके हवाले कर दी थी। 26 अप्रैल को नामांकन के बाद उन्होंने आसपास के जिलों में तो चुनावी सभाएं कीं, लेकिन अपने संसदीय क्षेत्र में नहीं आए। उन्होंने आत्मविश्वास से कहा था कि अब जीतने के बाद वह आभार जताने के लिए ही आएंगे। बृहस्पतिवार देर शाम चुनाव परिणाम के इंतजार के बीच इसके लिए 28 मई की तारीख तय की गई है। पीएमओ ने 28 मई को पीएम मोदी के आभार जताने के लिए काशी आगमन की सूचना दी है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मई को दोपहर बाद काशी पहुंचेंगे। यहां जनता से संवाद करने के बाद वे काशी विश्वनाथ मंदिर और बाबा काल भैरव का दर्शन पूजन करेंगे और गंगा आरती में भी शामिल होंगे।