वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीत के साथ काशी के नाम एक और रिकार्ड दर्ज हो गया। प्रधानमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी काशी के पहले ऐसे सांसद चुने गए हैं, जो पूर्ण बहुमत वाली सरकार के दोबारा प्रधानमंत्री बनेंगे। हालांकि इससे पहले यहां के लाल बहादुर शास्त्री प्रधानमंत्री बने थे, मगर सांसद बनने के बाद पीएम बने थे और फूलपुर संसदीय सीट से चुने गए थे।
उत्तर प्रदेश को देश को कई प्रधानमंत्री देने का गौरव प्राप्त है। इसमें रायबरेली और इलाहाबाद के नाम प्रधानमंत्री के चयन का रिकार्ड दर्ज है। यहां भी जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी प्रधानमंत्री रहते हुए चुनाव लड़ चुके हैं और चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री बने हैं। पिछली बार भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में गुजरात के तत्कालीन मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से सांसद चुके गए और फिर देश के पीएम बने। इस बार प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने चुनाव लड़ा और जीतने के बाद पीएम बनेंगे।