वाराणसी। मतगणना के मद्देनजर गुरुवार को पहड़िया मंडी और आसपास का इलाका छावनी में तब्दील रहेगा। त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी तीन एडिशनल एसपी को सौंपी गई है। आंतरिक सुरक्षा घेरे में दो कंपनी सीपीएमएफ के जवान, दूसरे सुरक्षा घेरे में एक कंपनी पीएसी के जवान और बाह्य सुरक्षा घेरे में 1700 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। जिला प्रशासन ने जिन्हें पास जारी किया है, उनके अलावा पहड़िया मंडी में किसी अन्य को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मतगणना स्थल और आसपास क्षेत्र की निगरानी दो ड्रोन कैमरों से कराई जाएगी।
एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि मतगणना के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। पुलिस, पीएसी व सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स के अलावा सौ पुलिसकर्मी और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के कर्मचारी तैनात रहेंगे। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड के अलावा अग्निशमन वाहन भी तैनात रहेगा। मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई जाएगी। जो भी मतगणना प्रभावित करने की कोशिश करेगा, उसे जेल भेजा जाएगा।
ईवीएम को लेकर सोशल मीडिया पर न तो अफवाह फैलाएं और न ही फैलने दें। यह अपील जिले के लोगों से एसएसपी ने की है। कहा है कि ईवीएम में गड़बड़ी या छेड़छाड़ संबंधी अफवाह सोशल मीडिया पर जो भी फैलाएगा, उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसकी निगरानी की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच की साइबर सेल और सोशल मीडिया सेल को सौंपी गई है।