वाराणसी। यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन सही ढंग से हो सके, इसके लिए परीक्षा की तरह मूल्यांकन केंद्रों पर पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। हर केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में मूल्यांकन कार्य कराया जा रहा है। इसके अलावा सीसी कैमरे से भी निगरानी की जा रही है। बुधवार को शिक्षक विधायक चेतनारायण सिंह ने केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिले में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, प्रभु नारायण पीजी कॉलेज रामनगर, महाबोधि इंटर कॉलेज सारनाथ में चल रहे कॉपियों के मूल्यांकन में तेजी आई है। आठ मार्च से शुरू मूल्यांकन कार्य दो दिन तक शिक्षकों के बहिष्कार की वजह से ठप रहा लेकिन 10 मार्च से 13 मार्च के बीच अब तक तीनों केंद्रों पर 15 से 20 प्रतिशत मूल्यांकन हो चुका है। इस बीच कमरों में परीक्षकों के मोबाइल लेकर जाने, डीएचई के टाइम से न आने की शिकायतों के बाद अब हर केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। किसी तरह की समस्या पर पर्यवेक्षकाें से शिकायत की जा सकेगी। इधर शिक्षक विधायक ने केंद्रों पर पहुंचकर मूल्यांकन व्यवस्था देखी और केंद्राध्यक्षों से भी इस बारे में बातचीत की। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विजय प्रकाश सिंह ने बताया कि मार्च तक मूल्यांकन पूरा करा लिया जाएगा।
गणित, विज्ञान की कॉपियों से मिल रहे 500 और 2000 के नोट
मूल्यांकन के दौरान गणित और विज्ञान की कॉपियों में नोट मिल रहे हैं। बुधवार को राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में एक शिक्षक को गणित की कॉपी में 500 और 2000 के नोट मिले तो वह कुछ समझ नहीं सका। संबंधित परीक्षार्थी ने नोट वाले पेपर में पास होने की गुहार भी लगाई थी। इसके अलावा विज्ञान की कॉपी में भी 500 का नोट मिला।