वाराणसी। मिर्जामुराद थाने के हेड कांस्टेबल प्रोन्नत राकेश मिश्रा और कांस्टेबल गजराज सिंह को घूस मांगने के आरोप में शनिवार को एसएसपी ने निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप के आधार पर की गई है। प्रकरण के संबंध में इंस्पेक्टर मिर्जामुराद सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच एसएसपी करा रहे हैं और दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कार्रवाई को लेकर मिर्जामुराद थाने के पुलिसकर्मियों में हड़कंप की स्थिति थी और इस संबंध में कोई भी कुछ कहने को तैयार नहीं हुआ।
व्हाट्स ऐप सहित सोशल मीडिया के अन्य प्लेटफार्म पर शुक्रवार को पांच ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी। ऑडियो क्लिप वायरल कर दावा किया गया था कि युवती से मारपीट और बदसलूकी सहित अन्य मामलों के आरोपी सोनू गौड़ को राकेश मिश्रा और गजराज सिंह ने कॉल किया था। दोनों का सोनू से कहना था कि यदि वो उन्हें 12 हजार रुपये दे दे तो वे दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान धाराएं कम करा देंगे। वायरल ऑडियो क्लिप एसएसपी के संज्ञान में आई तो उन्होंने राकेश और गजराज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस संबंध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। यदि इस मामले में अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।