फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इनामी पूर्व सांसद जवाहर गिरफ्तार, जेल भेजा

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। हत्या में वांछित 25 हजार के इनामी चंदौली के पूर्व सांसद हिस्ट्रीशीटर जवाहर जायसवाल को एसटीएफ ने मध्य प्रदेश के दमोह से गिरफ्तार किया है। ट्रांजिट रिमांड पर लाए गए जवाहर को शनिवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया। इसी मामले में जवाहर का बेटा व 25 हजार का इनामी गौरव पुलिस की गिरफ्त से अब भी दूर है और उसकी तलाश जारी है। उधर, जवाहर की गिरफ्तारी की सूचना पाकर महाराजगंज की एक पुलिस टीम भी शहर के लिए रवाना हो गई है। महाराजगंज में जवाहर पर गन्ना भुगतान का लगभग 23 करोड़ बकाया है और उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी है।
विज्ञापन

23 अप्रैल 2012 को अर्दली बाजार क्षेत्र में बैंक कर्मी महेश जायसवाल की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। महेश की हत्या के मुख्य आरोपी सनी सिंह को एसटीएफ ने 2015 में एनकाउंटर में मार गिराया था। महेश के भाई गुड्डू की याचिका पर हाईकोर्ट के निर्देश के बाद जवाहर और गौरव का नाम विवेचना में शामिल किया गया। बीते साल के दिसंबर महीने में अदालत ने जवाहर और गौरव के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया तो दोनों भाग निकले। सर्विलांस की मदद से जवाहर की लोकेशन ट्रैक कर एसटीएफ के इंस्पेक्टर विपिन राय के नेतृत्व में एसआई अरविंद सिंह, अरविंद पाठक, राजेंद्र पांडेय, सनोज यादव, विनोद यादव और राजमणि यादव ने दमोह में छापेमारी कर उसे उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर कैंट ने बताया कि जल्द ही जवाहर को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जाएगी।
एसटीएफ के इंस्पेक्टर विपिन राय के अनुसार जिला पुलिस ने यदि जवाहर के खिलाफ लुक आउट कॉर्नर नोटिस न जारी किया होता तो वो विदेश भाग जाता। नोटिस जारी होने से पहले जवाहर बस्ती, लखनऊ, उत्तराखंड, नई दिल्ली और नेपाल में छुप कर रह रहा था। नोटिस जारी होने के बाद वह शराब कारोबारी रिश्तेदार के दमोह स्थित बड़े घर में छुप कर अकेले रह रहा था और किसी से बातचीत या मुलाकात नहीं करता था। एसटीएफ ने जवाहर को कैंट पुलिस को सुपुर्द किया तब भी वो ऐंठन में ही दिखा और पुलिसकर्मियों को अपने धनबल के किस्से सुनाने के साथ ही करोड़ों के नुकसान की बात कर रहा था। वहीं, जब जवाहर को पुलिस कैंट थाने से लेकर अदालत के लिए निकली तो पीछे आधा दर्जन से अधिक लक्जरी वाहन चल रहे थे। इस दौरान जवाहर को देखने के लिए वादकारियों और अधिवक्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ रिमांड मजिस्ट्रेट की अदालत के बाहर उमड़ी हुई थी।
विज्ञापन

सोयेपुर जहरीली शराब कांड से चर्चा में आया छोटा लालपुर निवासी जवाहर कैंट थाने का हिस्ट्रीशीटर है। सोयेपुर में जहरीली शराब पीने से 28 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में जवाहर 22 महीने तक जेल में रहा था। कैंट पुलिस के अनुसार जवाहर के खिलाफ हत्या, गैर इरादतन हत्या, धोखाधड़ी, छल, आपराधिक षड्यंत्र सहित अन्य आरोपोें में जिले के साथ ही अन्य जनपदों के थानों में 17 मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें