वाराणसी। 21 से 23 तक होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान संस्कृति विभाग की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान होने वाले कार्यक्रमों को आयोजित कराने के लिए संस्कृति विभाग के अयोध्या शोध संस्थान को जिम्मेदारी दी गई। इस संस्थान ने अपनी ओर से पूरा कैलेंडर जारी कर दिया।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन के दौरान केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से 21 को हेमा मालिनी द्वारा गंगा नृत्य नाटिका की प्रस्तुति का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। 21 जनवरी को पहला कार्यक्रम 45 मिनट का शास्त्रीय गायन होगा। दूसरा कार्यक्रम संगीत का 90 मिनट का होगा। इसमें पं रविशंकर म्यूजिक फाउंडेशन नई दिल्ली की ओर से प्रस्तुति की जाएगी। जबकि 21 से 22 जनवरी को 20 लोक कलाकार के दलों के 300 लोक कलाकारों द्वारा वाराणसी के विभिन्न घाटों पर लोक कला का प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन के कार्यक्रम प्रभारी बनाए गए वाई के सिंह ने बताया कि इन कार्यक्रमों के अलावा हस्त कला संकुल में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस सम्मेलन के दौरान राम की विश्व और भारत यात्रा के बारे में भी विवरण दिया जाएगा। जिसकी प्रदर्शनी लगाई जाएगी।