वाराणसी। पहड़िया स्थित राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निर्माण विभाग में एई (सहायक अभियंता) के पद पर तैनात संजीव कुमार अग्रवाल की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खाना खाने के दौरान एई की तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में अचेत हो गए। सहयोगी उन्हें दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। देर शाम तक परिजनों का इंतजार होता रहा।
पहड़िया मंडी स्थित अपने कार्यालय में एई संजीव कुमार सुबह 10:30 बजे भोजन कर रहे थे। सहयोगियों की मानें तो इसी दौरान कमरे से जोर-जोर से खांसने की आवाज आने लगी। कुछ देर बाद आवाज बंद हो गई। उधर, डीडीसी आरके वर्मा ने एई को बुलाने के लिए जब कर्मचारी भेजा तो वह अपनी कुर्सी पर नहीं मिले। उनको तलाशते हुए कर्मचारी जब वॉशरूम में पहुंचे तो वह अचेत पड़े हुए थे। आनन-फानन में एई को पहड़िया मंडी स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। लखनऊ के मूल निवासी संजीव मौजूद समय में इलाहाबाद में परिवार के साथ रह रहे थे। परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा था। बुधवार को पोस्टमार्टम होगा।