वाराणसी। सेंट्रल जेल में निरुद्ध श्रीलंका निवासी दो नागरिक वेलोथम चंद्रा और मातरंगे श्रीदेवा की सजा की अवधि पूरा होने पर उन्हें रिहा करने का निर्णय लिया गया है। संभावना जताई गई है कि बुधवार को बाराबंकी जिले से लोकल इंटेलिजेंस यूनिट की टीम आएगी तो उन्हें कारागार प्रशासन दोनोें नागरिक को सुपुर्द कर देगा।
श्रीलंका के दोनों नागरिक 2008 में एनडीपीएस एक्ट के तहत बाराबंकी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए थे। इसके बाद दोनों को सेंट्रल जेल में शिफ्ट किया गया था। सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक अंबरीष गौड़ ने बताया कि श्रीलंका निवासी दोनों बंदियों की सजा की अवधि पूरी हो गई है। बाराबंकी से लोकल इंटेलिजेंस यूनिट की टीम आते ही दोनों को उन्हें सुपुर्द कर दिया जाएगा। इससे जुड़ी सारी औपचारिकताओं को पूरा कर लिया गया है।
जिला जेल में लगाई जाएगी 18 एलईडी टीवी
जिला जेल में निरुद्ध बंदियों के मनोरंजन के लिए बैरकों में 18 एलईडी टीवी लगाए जाने का निर्णय लिया गया है। जेलर पीके त्रिवेदी ने बताया कि लखनऊ से टीवी आ गई है। अभी उनके इंस्टालेशन का काम बाकी है। पूर्व में प्रदेश सरकार द्वारा जारी निर्देशों के आधार पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर भी आ गए हैं। जेल में मौजूदा समय में 17 बैरक हैं और 2150 से ज्यादा बंदी निरुद्ध हैं। हालांकि जेल में लगे 2 जी क्षमता के जैमर को अपग्रेड करने के संबंध में शासन स्तर से कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है।