वाराणसी। फूलपुर पुलिस ने चोरी की दो बाइक, लूट के एक मोबाइल व एक लैपटॉप और 4740 रुपये के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। चारों की शिनाख्त जौनपुर के जलालपुर थाना के बदलपुर के सौरभ गुप्ता व अनुज सिंह उर्फ टिंकू, सहमलपुर के अंकित यादव और सिंघापुर निहोरा के निखिल सिंह के तौर पर हुई है। चारों को बुधवार को जेल भेज दिया गया।
एसपी ग्रामीण अमित कुमार ने बताया कि 15 सितंबर को कठिरांव स्थित मलहथ पुलिया के समीप एक दुकानदार के साथ लूटपाट हुई थी। मौके से एक बदमाश रितेश सिंह को पकड़ कर ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा था। रितेश से मिली जानकारी के आधार पर उसके चार दोस्तों को इंस्पेक्टर फूलपुर सुदेश कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ गिरफ्तार किया। गिरफ्त में आए बदमाशों ने बताया कि वे फूलपुर, चोलापुर और जौनपुर जिले में चोरी, लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे।