वाराणसी। दिल्ली से वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री हवाईअड्डे पर एक परिवार के साथ पहुंचे दो बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली। दरअसल सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगवानी के लिए 3:05 बजे पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उसी समय दिल्ली से एयर इंडिया के विमान से आए एक परिवार के दो बच्चे भी वहां पहुंच गए। मुख्यमंत्री को देखते ही उनके पास वे दौड़कर पहुंचे और उनका पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद सेल्फी लेने का निवेदन किया। सीएम ने खुद बच्चों के कंधे पर हाथ रख कर फोटो खिंचवाया। बच्चे जब सीएम योगी के पास पहुंचे तो उस समय वहां मौजूद सुरक्षा अधिकारी सन्न रह गये। हालांकि बाद में अन्य लोग भी सीएम का फोटो लेने लगे, जिससे सुरक्षाकर्मियों ने उन लोगों को हटा दिया। इसके बाद सीएम मुख्य टर्मिनल भवन में स्थित वीआईपी लाउंज में चले गए। सीएम 4:25 बजे तक वीआईपी लाउंज में स्थानीय नेताओं के साथ बैठक की और पीएम के आगमन का इंतजार करते रहे। पीएम के आने के बाद एप्रन पर उन्होंने पीएम को गुलाब का फूल भेंटकर आगवानी की। उसके बाद पीएम के साथ ही 5:10 बजे सेना के हेलीकॉप्टर से डीरेका के लिए प्रस्थान कर गए।
लेकर पहुंचे गुलदस्ता, पीएम तक पहुंचा फूल
हरहुआ। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए सोमवार को लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। इस दौरान टर्मिनल भवन के अंदर जाने वाले वीआईपी पास पर भी रोक लगा दी गई। सुरक्षा इतनी सख्त थी कि पीएम के आगवानी के लिए गुलदस्ता लेकर आए लोगों को रोक दिया गया। लोग केवल एक-एक फूल लेकर गए और एप्रन पर पीएम की आगवानी के दौरान वही फूल देकर उनका स्वागत किया।
सोमवार की शाम 4:50 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचे। एयरपोर्ट के एप्रन पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, मंत्री नीलकंठ तिवारी, चैयरमैन अपराजिता सोनकर, मेयर मृदुला जायसवाल, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ जायसवाल, नीलरतन पटेल समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने गुलाब का फूल भेंटकर आगवानी की।