ज्ञानपुर। डाक विभाग में नौकरी और यूपी एग्रो में ठेकेदारी। सुनने में अटपटा लगेगा, पर है सोलह आने सच। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। डाक विभाग में डाकपाल पद पर काम करते समय यूपी एग्रो में ठेकेदारी करने के मामले में डीएम राजेंद्र प्रसाद ने कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। 15 दिन में संबंधित पर कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट मांगी है।
पुरानी मोढ़ से सटे जमुनीपुर अठगवां गांव निवासी अरविंद सिंह पुत्र स्व. राजपति सिंह ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि छोटे लाल सिंह डाकपाल के पद पर कार्यरत रहते हुए यूपी एग्रो में ठेकेदारी का कार्य करते हैं। डीएम ने अधीक्षक डाकघर और मंडलीय अभियंता यूपी स्टेट एग्रो को पत्र भेजकर संबंधित की जानकारी मांगी। दोनों विभागों की ओर से रिपोर्ट दी गई कि छोटेलाल डाकपाल पद पर रहते हुए यूपी एग्रो में ठेकेदारी की।
मामले को संज्ञान में लेते हुए डीएम ने अधीक्षक डाक वाराणसी को विभागीय कार्रवाई, जबकि मंडलीय अभियंता यूपी एग्रो को संस्था को निरस्त करने का पत्र लिखा। डीएम ने कार्रवाई करने के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। कहा कि आईजीआरएस पोर्टल मुख्यमंत्री से संदर्भित है, ऐसे में किसी भी स्तर पर उदासीनता न बरती जाए। बताते चलें कि यह इकलौता मामला नहीं है। कई विभागों में तालमेल के सहारे यह खेल चल रहा है। पत्नी, बेटे के नाम पर फर्म बनवाकर सरकारी कर्मचारी ठेकेदारी कर रहे हैं। संबंधित विभाग के अधिकारी भी जानते हुए अनजान बने हुए हैं।