भदोही। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम वाराणसी के प्रबंध निदेशक अतुल निगम ने आश्वस्त किया कि भदोही को रात की कटौती से मुक्त किया जाएगा। भाजपा नेता और कालीन व्यवसाई फहद अंसारी ने शनिवार को एमडी को ज्ञापन देकर रात की कटौती बंद करने की मांग उठाई तो इसके लिए उन्होंने आश्वासन देते हुए तीन दिन का समय मांगा।
भाजपा नेता ने अंधाधुंध बिजली कटौती से कालीन नगरी बढ़ रहीं समस्याओं से एमडी को अवगत कराया। कहा कि यह इबादतों का महीना है। रात में तरावीह पढ़ने के बाद लोग घर पहुंचते हैं तो बिजली नहीं होती जबकि सुबह सहरी के लिए उठना रहता है। लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है। यही नहीं, कारोबारी लिहाज से भी बिजली मिलना जरूरी है ताकि बुनकरों के हाथ न रुकें। इस पर एमडी ने तीन दिन का समय मांगते हुए रात की कटौती से भदोही को मुक्त करने का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व जारी नए रोस्टर में रात्रि 10.45 से 12.15 तक कटौती लोगो की नींद पर भारी पड़ रही है।